नई दिल्ली। डायबिटीज और हार्ट की दवाओं से भारतीय फार्मा बाजार में तेजी आई है। फरवरी 2026 में फार्मा बाजार ने मजबूत रफ्तार पकड़ी। सालाना आधार पर करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।

यह ग्रोथ जनवरी 2026 के 12 प्रतिशत के बराबर रही। पिछले साल फरवरी 2025 की तुलना में कहीं ज्यादा मजबूत है। जब बाजार की बढ़त सिर्फ 4 प्रतिशत थी। कार्डियक, डायबिटीज, विटामिन-मिनरल और न्यूरो से जुड़ी दवाओं ने बाजार को तेज गति दी है।

इन बीमारियों की दवाओं ने बढ़ाई रफ्तार

इस तेज बढ़त के पीछे कुछ खास थेरेपी सेगमेंट का बड़ा योगदान रहा। दिल की बीमारी, डायबिटीज, विटामिन-मिनरल और न्यूरो से जुड़ी दवाओं की बिक्री में मजबूत तेजी देखी गई। इन दवाओं की मांग पूरे फार्मा बाजार की औसत वृद्धि से ज्यादा रही। इसकी वजह से बाजार की कुल ग्रोथ को भी मजबूती मिली।

क्रॉनिक सेगमेंट की दवाओं की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। फरवरी में क्रॉनिक थेरेपी की दवाओं की बिक्री करीब 17 प्रतिशत बढ़ी। माउनजारो सबसे ज्यादा बिकने वाली दवा रही। इसकी बिक्री लगभग 120 करोड़ दर्ज की गई। इसके बाद फोराकॉर्ट दूसरे स्थान पर रही। इसकी बिक्री करीब 90 करोड़ रही। इसमें सालाना आधार पर लगभग 16 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। हालांकि मिक्सटार्ड की बिक्री में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई और इसमें करीब 36 प्रतिशत की कमी आई।