अलवर (राजस्थान)। नशीली दवा बेचने वाला युवक गिरफ्तार किया गया है। औषधि नियंत्रण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने बहरोड़ क्षेत्र में छापामार कर एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी से करीब 14 हजार की नशीली दवाएं बरामद की।
यह है मामला
टीम को सूचना मिली थी कि शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति नशीली दवाइयों का अवैध विक्रय कर रहा है। टीम ने मौके पर दबिश दी और चिरुनी निवासी मनोज मीणा को नशीली दवाइयां बेचते हुए पकड़ा। उसके पास से 720 प्रॉक्सीकोस्पास कैप्सूल, 300 सैन्प्रेक्स 0.5 टैबलेट और 390 एनरेक्स कफ सिरप बरामद किए। जांच में सामने आया कि इन दवाइयों में ट्रामाडोल, कोडीन और अल्प्राजोलम जैसे नशीले तत्व शामिल हैं। इनका बिना वैध लाइसेंस क्रय-विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित है। आरोपी के पास दवाइयों से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या खरीद बिल भी नहीं मिला। वह इन दवाओं को बहरोड़ व आसपास के गांवों में बेच रहा था।










