जौनपुर (यूपी)। मेडिकल स्टोरों पर औषधि विभाग की टीम ने छापेमारी की है। टीम ने ग्रामीण बाजारों में कई मेडिकल स्टोरों पर जांच की। टीम ने दुकानों के लाइसेंस, फार्मासिस्ट तथा दवा भंडारण का निरीक्षण किया।

धनियामऊ और बटाऊबीर स्थित कई मेडिकल स्टोरों को चिन्हित किया। जांच में कुछ दुकानों पर नियमों की अनदेखी पाई गई। इस पर संबंधित फर्मों को कड़ी चेतावनी जारी की गई।

सबसे पहले धनियामऊ स्थित गुप्ता मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। दुकान पर कोई फार्मासिस्ट मौजूद नहीं था। दवाओं की बिक्री बिना तकनीकी विशेषज्ञ के हो रही थी। बिक्री बिलों पर मरीजों का विवरण भी दर्ज नहीं किया जा रहा था। इन अनियमितताओं को देखते हुए संचालक को सख्त चेतावनी दी।

टीम ने बटाऊबीर स्थित विजय मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। यहां सबसे अधिक खामियां सामने आईं। बिना बिल के ही दवाएं बेची जा रही थीं। साथ ही दवाओं के सुरक्षित भंडारण के लिए फ्रिज भी उपलब्ध नहीं था। दुकान संचालक को एक सप्ताह का समय दिया गया है।