सीतामढ़ी ( बिहार)। चाय की दुकानों पर नशीली दवा बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। जिले के पुपरी में प्रतिबंधित दवाओं को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में है। नगर की कई चाय दुकानों पर सघन छापेमारी की गई। अचानक हुई प्रशासनिक कार्रवाई से इलाके के चाय दुकानदारों में भारी हड़कंप मचा रहा।
जांच के दौरान प्रशासन को कई चाय दुकानों पर कोडीन युक्त नशीली दवाओं के खाली डिब्बे मिले। बुधनंद चौक के पास एक चाय दुकान पर नशीले पदार्थ के डिब्बे मिलने पर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य लोगों का पता लगा रही है।
युवाओं को नशे से बचाने की पहल
एसडीओ गौरव कुमार ने बताया कि प्रशासन को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी। चाय दुकानों की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री की पता चला। इन दुकानों पर युवाओं और स्कूली बच्चों को बैठाकर नशे का सेवन कराया जाता था। एसडीओ ने सभी दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेताया है। नशीले पदार्थ की बिक्री या सेवन पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










