महासमुंद (छत्तीसगढ़)। ड्राई फ्रूट्स की आड़ में नशीली दवाओं की तस्करी का मामला पकड़ में आया है। पुलिस ने 6 क्विंटल 85 किलो गांजा और 700 नशीली टैबलेट बरामद की हैं। इनकी कीमत 4 करोड़ 61 लाख रुपए है। 13 तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई बसना, कोमाखान, सिंघोड़ा और महासमुंद थाना क्षेत्रों में की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में 6 छत्तीसगढ़ और 7 ओडिशा, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। यह आरोपी ड्राई फ्रूट से भरे ट्रक, घरेलू सामान की आड़ तस्करी कर रहे थे। नशे का सामान ओडिशा से यूपी-एमपी और राजस्थान ले जाया जा रहा था।

यहां हुई कार्रवाई

सिटी कोतवाली महासमुंद : रेलवे स्टेशन के पास 700 नग नशीली दवाई जब्त की है। पुलिस 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राकेश कुमार, मनोज , सद्दाम कुरेशी, रिंकू चंद्राकर और कामेश चंद्राकर अरेस्ट किए हैं।

कोमाखान थाना : एनएच-353 टेमरी नाका पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 25 किलो गांजा जब्त किया। एमपी के मोहित साहू और पुष्पेन्द्र साहू को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए गांजे की कीमत 1.08 करोड़ रुपए बताई गई है।

बसना थाना : बोलेरो पिकअप में रायगढ़ से घरेलू सामान हैदराबाद ले जाने के लिए निकले थे। बीच में ओडिशा से सामान के नीचे 454.890 किलो गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पिकअप चालक इमरान राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी से एक मोबाइल और 10 हजार कैश समेत 2.38 करोड़ का गांजा बरामद किया है।

सिंघोड़ा थाना : बाइक सवार देवचरण रात्रे और किशोर राउतिया बैग में 6 किलो गांजा ले जा रहे थे। जब्त गांजे की कीमत 3 लाख बताई गई है। पुलिस ने आरोपी से दो मोबाइल भी जब्त किया है।