पटना (बिहार)। ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने में सफलता मिली है। गिरोह से नशे के इंजेक्शन और प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की जखीरा मिला है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर कंकड़बाग क्षेत्र में लोहिया पार्क एवं पोस्टल पार्क स्थित दो गोदाम पर रेड की। गोपालपुर के कन्नौजी टोला स्थित एक मकान में छापेमारी की। वहां से भारी मात्रा में नशे के इंजेक्शन और प्रतिबंधित कफ सिरप को जब्त किया है। एक गोदाम मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने 67 हजार 50 एम्पुल प्रतिबंधित इंजेक्शन, पांच हजार 760 पीस कफ सिरप, 35 पीस सरकारी स्नेक वेनम एंटीसीरम बरामद की है। वहीं एक स्कूटी, दो बाइक, एक कार, 21 सौ रुपये और दो मोबाइल जब्त किए। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत 1.25 करोड़ बताई जा रही है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छोटू कुमार, अर्नव कुमार और गोदाम मालिक विनोद कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त अवैध भंडारण, परिवहन एवं सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हैं। बरामद इंजेक्शन और सिरप छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में स्थिति कंपनी द्वारा बना हुआ है।
कंकड़बाग में दिसंबर 2025 में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन को जब्त किया गया था। तब इसके खिलाफ भी केस हुआ था। इसकी निशानदेही पर पुलिस कंकड़बाग थाना क्षेत्र के लोहिया पार्क और पोस्टल पार्क के पास दो गोदाम में दबिश दी। वहां से 31 हजार 250 नशीले इंजेक्शन, पांच हजार 760 प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप और 35 स्नेक वेनम एंटीसीरम, दो बाइक, एक कार और दो मोबाइल को बरामद किया गया। इसमें संलिप्त अन्य लोगों का नाम भी उजागर किया, जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।










