सोलन (हिमाचल प्रदेश)। अवैध फार्मा परिसर में रेड कर नशीली दवा टैपेंटाडोल जब्त की गई है। नालागढ़ के जगातखाना के निकट स्थित सारिका बायोटेक में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने दबिश दी। मौके से बड़ी मात्रा में दवाएं और करीब दो हजार किलो टेपेंटाडोल बरामद की है। यह दवा गंभीर दर्द में प्रयोग की जाती है। उद्योग के पास संबंधित दवा के उत्पादन और इस्तेमाल की अनुमति नहीं मिली। इसके अलावा उद्योग परिसर में करीब 25 लाख अन्य दवाएं भी पाई गई हैं।
उद्योग सील, गोदामों में भी दबिश
एनसीबी ने उद्योग को सील कर दिया है। वहीं, संबंधित मालिक के गोदामों पर भी दबिश दी है। मालिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल बरामद दवाओं की जांच की जा रही है। एनसीबी के अनुसार यह कार्रवाई एक जांच के तहत की गई है। इस मामले में कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। अब राज्य दवा नियंत्रण प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सवाल यह है कि किसी उद्योग में ऐसी दवाओं का उत्पादन हो रहा था तो इसकी जानकारी संबंधित विभाग को क्यों नहीं लगी। आशंका है कि उनकी सप्लाई देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंची हो सकती है। हालांकि इस संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।










