नागपुर। मेडिकल स्टोर पर अवैध स्टेरॉयड निर्माण-बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। मालिका अपार्टमेंट स्थित मेडिकल स्टोर पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने छापेमारी की। जांच रिपोर्ट आने पर अवैध रूप से स्टेरॉयड बनाने, री-पैकिंग और बिक्री करने का मामला दर्ज किया गया है।

यह है मामला

एफडीए की टीम ने मेडिकल स्टोर ‘All Medicines.com’ परिसर में निरीक्षण किया था। जांच के दौरान अधिकारियों को लगभग 40 किलोग्राम संदिग्ध पाउडर मिला। इसके टेस्टोस्टेरोन होने का संदेह व्यक्त किया गया था। बिना लेबल वाली शीशियां, एक वायल-सीलिंग मशीन, मुद्रित लेबल आदि बरामद किया गया। ये उपकरण रिटेल मेडिकल स्टोर की आवश्यकता से कहीं अधिक थे।

जब्त सामग्रियों में टेस्टोस्टेरोन एनेन्थेट, नैंड्रोलोन और बोल्डनोन जैसे प्रतिबंधित स्टेरॉयड से संबंधित संदर्भ मिले थे। एफडीए ने नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। इसकी लैब रिपोर्ट में टेस्टोस्टेरोन एनेन्थेट की मौजूदगी की पुष्टि हुई। आरोपी दवाओं और कच्चे माल के इस स्टॉक का कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सके। पुलिस ने हरवंश रणवीरसिंह और यश सुनील उइके के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों पर बिना लाइसेंस के दवाओं का निर्माण, री-पैकिंग, लेबलिंग और अवैध बिक्री करने का आरोप है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।