रुडक़ी, हरिद्वार (उत्तराखंड)। मेडिकल स्टोर पर रेड कर नशीली दवाएं बरामद की गई हैं। मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस और ड्रग विभाग ने मिलकर यह कार्रवाई की है। गंगनहर क्षेत्र के चाउमंडी स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। मौके से स्टोर संचालक को गिरफ्तार का लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह है मामला
ड्रग निरीक्षक हरीश सिंह और वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनिता भारती को गुप्त सूचना मिली थी। पता चला कि पल्स मेडिकल स्टोर में मेडिकल लाइसेंस की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेची जा रही हैं। इस सूचना पर गंगनहर पुलिस के साथ एक संयुक्त टीम ने छापा मारा। मेडिकल स्टोर की ऊपरी मंजिलों से भारी मात्रा में कफ सिरप, ट्रामाडोल और अल्प्राजोलाम बरामद की गईं।
आरोपी के पास इन दवाओं के खरीद-बिक्री के बिल आदि नहीं मिले। मौके से 27 वर्षीय शुभम कुमार निवासी ग्राम हद्दीवाला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बरामद नशीली दवाओं को सील कर कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गहन जांच कर रही है।










