बरेली (यूपी)। अवैध दवा गोदाम पर रेड कर लाखों की दवाएं सीज की गई हैं। ड्रग विभाग ने शहर के शास्त्री मार्केट के एक अवैध गोदाम पर छापा मारा। बिना लाइसेंस संचालित गोदाम से लाखों रुपये की दवाएं जब्त कर लीं।
यह है मामला
औषधि निरीक्षक राजेश कुमार एवं अनामिका अंकुर जैन ने शास्त्री मार्केट में दबिश दी। बिना वैध लाइसेंस के गोदाम में भारी मात्रा में दवाओं का भंडारण किया जा रहा था।
मेसर्स नीलू फार्मा के मालिक सत्यभान गुप्ता के गोदाम पर छापामार कार्रवाई की गई। इसमें करीब 4 लाख 20 हजार रुपये की एलोपैथिक औषधियां बरामद की गईं। टीम ने मौके पर ही स्टॉक को सीज कर दिया। चार संदिग्ध दवाओं के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद शास्त्री मार्केट में हडक़ंप मच गया है।










