रांची (झारखंड)। Cough Syrup कांड में ईडी ने 25 ठिकानों पर रेड की। रांची में नामी प्रतिष्ठान शैली ट्रेडर्स में कफ सिरप की गैरकानूनी खरीद-बिक्री मामले में कार्रवाई की। शैली को अवैध सिरप सप्लाई नेटवर्क का प्रमुख केंद्र माना है। व्यापारी शुभम जयसवाल के तुपुदाना स्थित गोदाम और आवास पर छापेमारी की। यहाँ से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।

जांच में पता चला कि शैली ट्रेडर्स के जरिए अवैध कफ सिरप का वार्षिक कारोबार पांच करोड़ से अधिक का था। यह कारोबार दवा सप्लाई चेन का उपयोग कर नकली या प्रतिबंधित सिरप को विभिन्न जिलों में पहुंचाता था। इस मामले में कई लोगों की वित्तीय गतिविधियों को खंगाला जा रहा है।

इसी सिलसिले में रांची के सीए विष्णु अग्रवाल भी जांच के दायरे में आए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने इस नेटवर्क के कुछ सदस्यों के वित्तीय लेनदेन को वैध स्वरूप देने में भूमिका निभाई है। पिछले दिनों जानलेवा कफ सिरप की खेप पकड़े जाने के बाद पूरे नेटवर्क का विस्तार सामने आया था। इसके बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की थी।

ईडी का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। कुछ और व्यापारियों और एजेंटों को तलब किया जा सकता है। ईडी ने झारखंड, उत्तर प्रदेश और गुजरात में एक साथ 25 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। जांच एजेंसी को संदेह है कि यह नेटवर्क कई प्रदेशों में फैला हुआ है। लंबे समय से अवैध दवा कारोबार का संचालन कर रहा था।

उत्तर प्रदेश में छह शहरों में एक साथ छापेमारी की गई। लखनऊ में निलंबित एसटीएफ कांस्टेबल आलोक प्रताप सिंह के आवास पर तलाशी ली। अधिकारी कई संदिग्ध दस्तावेज, बैंक लेनदेन रिकॉर्ड आदि साथ ले गए। आलोक प्रताप सिंह इस समय एसटीएफ की हिरासत में है।