नई दिल्ली। नकली दवाओं और स्टेरॉयड की फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ है। यह कार्रवाई नरेला में दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने की है। दिल्ली पुलिस और हरियाणा फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन टीम भी साथ रही।

यह फैक्टरी रिहायशी अपार्टमेंट में संचालित थी। मौके से संदिग्ध नकली दवाएं, स्टेरॉयड, केमिकल, पैकेजिंग सामग्री और दवा उपकरण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई। दो दिन चली इस कार्रवाई के पहले दिन टीम ने बिना लाइसेंस चल रहे मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग सेटअप का खुलासा किया। मौके से सीलिंग मशीन, सील क्रिम्पिंग डिवाइस, हीट गन, इलेक्िट्रक स्टिरर सहित बड़ी संख्या में उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा बिना लेबल वाली हजारों गोलियां, संदिग्ध टोफैसिटिनिब टैबलेट और टेस्टोस्टेरोन जैसे एनाबॉलिक स्टेरॉयड की शीशियां भी जब्त की।

जांच में मौके पर मौजूद व्यक्ति कोई वैध ड्रग लाइसेंस, खरीद रिकॉर्ड या स्टॉक रजिस्टर नहीं दिखा सका। अगले दिन दोबारा तलाशी में स्टेरॉयड हार्मोन पाउडर, 1500 से अधिक इंजेक्शन वायल, 5,000 से अधिक गोलियां और पैकेजिंग सामग्री मिली। मामले में पूरे नेटवर्क और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।