इंदौर (मप्र)। गर्भपात की दवा बिना पर्चे के बेचने पर मेडिकल स्टोर सील किया गया है। औषधि विभाग ने एमवाय हॉस्पिटल के सामने स्थित कार्तिक केमिस्ट पर यह कार्रवाई की। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश में की गई।

औषधि निरीक्षकों की टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त छापामार कार्रवाई की। मेडिकल स्टोर पर गर्भपात की दवा कॉन्ट्रा किट बिना चिकित्सकीय पर्चे के बिक्री होना पाया गया। इसके चलते टीम ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।

6 मेडिकल स्टोर्स को नोटिस जारी

औषधि विभाग के अनुसार जिले में मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 13 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें से 6 पर अनियमितताएं मिलने से कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि गर्भपात संबंधी दवाओं की बिक्री की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी।