अम्बेडकरनगर (यूपी)। नकली आयुर्वेदिक दवा बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ है। यह फैक्टरी कथित तौर पर एक घर के भीतर चल रही थी। यहां योगीराज आयुर्वेद के नाम पर नकली दवाएं बनाई जा रही थीं।

कंपनी प्रतिनिधियों से जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने एक टीम बनाई और छापेमारी करवाई। टीम ने गोपरीचांदपुर के एक घर पर छापा मारा। यह मकान शिवम पांडेय का बताया जा रहा है।

टीम को घर में दवा बनाने और पैकिंग से जुड़ा भारी सामान मिला। मौके से बड़ी संख्या में नकली गोलियां, तेल और चूर्ण बरामद हुए। खाली शीशियां, कंपनी के अलग-अलग प्रोडक्ट के लोगो और पैकिंग का सामान भी मिला। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रणजीत कुमार ने बताया कि जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।