बहराइच (यूपी)। गर्भवती महिला की निजी अस्पताल में मौत का मामला प्रकाश में आया है। सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती गर्भवती को चिकित्सक बेहतर इलाज के नाम पर निजी अस्पताल ले गई। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने सीएचसी में तैनात संविदा महिला चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद सीएमओ ने निजी अस्पताल सील करवा दिया।

यह है मामला

मनकापुर कला निवासी ऋचा सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर पति धर्मवीर सिंह सीएचसी लेकर पहुंचे। संविदा चिकित्सक डॉ. कल्पना साहू ने बेहतर इलाज की सलाह दी। वह ऋचा को जरवलरोड स्थित विकल्प आरोग्य केंद्र ले गईं। निजी अस्पताल में इलाज में लापरवाही से ऋचा की मौत हो गई।

ऋचा के जेठ उदयवीर सिंह ने थाने में शिकायत दी है। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई है। निजी अस्पताल सील कर अभिलेख तलब किए गए हैं। संविदा चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई होगी।