हैदराबाद (तेलंगाना)। नकली सिल्डेनाफिल की टेबलेट लॉजिस्टिक्स डिपो से जब्त की गई हैं। नकली दवाओं की यह अवैध आपूर्ति कानपु से की गई थी। तेलंगाना के औषधि नियंत्रण प्रशासन (डीसीए) ने रंगा रेड्डी जिले के एक लॉजिस्टिक्स डिपो पर रेड की। 2.7 लाख रुपये की नकली सिल्डेनाफिल टैबलेट 100 मिलीग्राम (ब्रांड नाम : डॉ. जोश) की खेप जब्त की है। यह ज़ब्ती दिल्लीवेरी लिमिटेड के लॉजिस्टिक्स डिपो में हुई।

अधिकारियों ने बैच संख्या 305126 वाली 100 मिलीग्राम सिल्डेनाफिल की 7,300 गोलियां बरामद कीं। इनका निर्माण मई 2023 में हुआ था और जिनकी वैधता अप्रैल 2026 में समाप्त होनी थी। खेप को अल्वेंटा फार्मा लिमिटेड, सोलन, हिमाचल प्रदेश से उत्पादित होने का झूठा दावा किया गया था। सिल्डेनाफिल स्तंभन दोष के उपचार की दवा है।

इसके नकली संस्करण अनजान उपभोक्ताओं के लिए गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करते हैं। यह खेप पुव्वाडा लक्ष्मणा द्वारा भेजी गई थी। इसकी पहचान नकली दवाओं के कुख्यात अपराधी के रूप में हुई है। तेलंगाना में उसके खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। जब्त की गई गोलियों के नमूने लेकर प्रयोगशाला विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं।