लक्सर (उत्तराखंड)। खून का अवैध धंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 27 यूनिट खून, कई उपकरण और दो वाहन बरामद किए हैं। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

यह है मामला

पुलिस को अवैध रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने की सूचना मिल रही थी। पता चला कि गिरोह के रूप में खून का अवैध धंधा किया जा रहा है। छापेमारी कर अनित सैनी, शुभम कुमार, दुष्यन्त कुमार, कावेन्द्र कुमार और दया सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित गांवों में शिविर लगाकर ग्रामीणों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते थे। रक्त को उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था।

आरोपितों की दो कार से 27 यूनिट खून और 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। इनके अलावा चार ब्लड डोनर चेयर, अमृत चौरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड व कई मशीनें बरामद हुई हैं। आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। कुछ नाम भी सामने आए हैं। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।