हैदराबाद। मेफेनटरमाइन सल्फेट इंजेक्शन की अवैध बिक्री के आरोप में तीन अरेस्ट किए हैं। कमिश्नर टास्क फोर्स (राजेंद्रनगर जोन) ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने एक ऑनलाइन खरीद नेटवर्क का खुलासा किया है। इसके माध्यम से इंजेक्शन थोक में खरीदे जाते थे।
खरीद मूल्य से लगभग 20 गुना अधिक कीमत पर बेचे जाते थे। टास्क फोर्स ने फलकनुमा के नवाब साहब कुंटा में मोहम्मद एजाज को गिरफ्तार किया। उसके पास से मेफेनटरमाइन इंजेक्शन और सिरिंजें जब्त कीं। उसने खुलासा किया कि ये इंजेक्शन मोहम्मद जुबेर उर्फ जुबैर से खरीदे थे। वह कथित तौर पर इनका मुख्य आपूर्तिकर्ता था। पुलिस ने इस अभियान में जुबेर और उसके साथी मोहम्मद सैफ खान को भी गिरफ्तार किया।
जांच में पता चला कि एजाज इंजेक्शन बेचने और उनकी तस्करी में शामिल था। सैफ खान कथित तौर पर उनकी आपूर्ति में उसकी मदद कर रहा था। एक अन्य कथित स्रोत, राजस्थान का शुभम राजपूत फरार है। पुलिस ने शुरू में एजाज से मेफेनटरमाइन सल्फेट इंजेक्शन की 60 शीशियां और 46 सिरिंजें जब्त करने की सूचना दी थी। टास्क फोर्स की अंतिम रूप से जब्त की वस्तुओं में 110 शीशियां, 25 सिरिंजें और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं। फलकनुमा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। एजाज के खिलाफ पहले भी चोरी, चोट पहुंचाने और हत्या सहित कई मामले दर्ज हैं।










