सतना (मध्य प्रदेश)। रजिस्ट्रेशन के बिना चल रहे अस्पताल पर ताला जड़े जाने की खबर सामने आई है। शहर में बिना रजिस्ट्रेशन संचालित एक अस्पताल में सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेड की। बिना अनुमति मरीज को भर्ती कर इलाज करने के आरोप में अस्पताल पर ताला जड़ दिया गया।

निरीक्षण के दौरान एक मरीज भर्ती मिला और तीन अन्य मरीजों के इलाज संबंधी दस्तावेज पाए गए। इन्हें जब्त कर अस्पताल को सील कर दिया गया है। वहीं, भर्ती मरीज को इलाज के लिए जिला अस्पताल में शिफ्ट किया है।

ये है मामला

स्वास्थ्य विभाग को हेल्थ केयर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, भरहुत नगर सतना के बारे में शिकायत मिली थी। इसके संबंध में टीम ने मौके पर जांच की। पता चला कि अस्पताल में ग्राम भमर जिला सतना निवासी गणपत सिंह का उपचार बिना रजिस्ट्रेशन के किया जा रहा था। टीम ने जांच में पाया कि यहां मध्य प्रदेश उपचार्यगृह और रुजोपचार अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन हो रहा था। इसके चलते क्लीनिक को सील कर दिया गया और भर्ती मरीज गणपत सिंह को जिला अस्पताल में शिफ्ट किया है।