भोपाल (मप्र)। अस्पताल में नवजात की मौत पर भारी हंगामे का समाचार है। कैलाशनाथ काटजू अस्पताल में एक नवजात शिशु की मौत हो गई। बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे डरकर महिला डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने खुद को कमरों में बंद कर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला।
सामान्य प्रसव बताने के बाद ऑपरेशन
परिजनों के अनुसार, संजना रैकवार को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि प्रसव सामान्य हो रहा था। बच्चा आधा बाहर भी आ चुका था। अचानक डॉक्टरों ने उसे ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट कर दिया। कुछ देर बाद परिजनों को बताया गया कि बच्चा मृत पैदा हुआ है।
लापरवाही के लगे आरोप
परिवार का कहना है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण बच्चे की जान गई है। अस्पताल में समय पर एनेस्थीसिया डॉक्टर मौजूद नहीं था। इसकी वजह से ऑपरेशन में देरी हुई। इससे गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई। वहीं, दूसरी ओर अस्पताल की इंचार्ज डॉ. रचना दुबे ने इन आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि यह एक मेडिकल कॉम्प्लिकेशन यानी चिकित्सीय जटिलता का मामला था।










