बालाघाट। अवैध क्लीनिक पर छापेमारी कर सील कर दिया गया है। जिले के लालबर्रा में स्वास्थ्य विभाग ने बिना पंजीयन संचालित हो रहे शिवशक्ति दवाखाना पर यह कार्रवाई की। यह कार्रवाई अवैध रूप से रोगियों को भर्ती कर इलाज करने की शिकायत पर की गई।
यह है मामला
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को शिकायत मिली थी। बताया गया कि लालबर्रा स्थित शिवशक्ति दवाखाना में अवैध रूप से मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. रित्विक पटेल ने दवाखाना का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्लीनिक में संजय बिसेन मौजूद थे। जांच दल को दवाखाना भवन का किराया अनुबंध पत्र नहीं मिला। क्लीनिक में रोगी और तीन बिस्तर लगे हुए पाए गए। परिसर में किसी भी चिकित्सक की शैक्षणिक योग्यता या पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदर्शित नहीं था।
रोगियों के उपचार या भर्ती के लिए किसी प्रकार की वैधानिक अनुमति के दस्तावेज भी नहीं मिले। नियमों के विरुद्ध क्लीनिक का संचालन मिलने पर दवाखाना को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया। सीएमएचओ ने दवाखाना की संचालिका डॉ. उमा बिसेन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










