बुलंदशहर (यूपी)। नकली दवा बनाने वाली अवैध कंपनी का भंडाफोड़ हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने औषधि विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर यह सफलता पाई। टीम ने सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र के राजारामपुर में निरीक्षण किया। इस दौरान बिना लाइसेंस के नकली दवा बनाने वाली कंपनी संचालित मिली। दवाओं को जब्त कर टीम ने कंपनी को सील कर दिया। साथ ही दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
यह है मामला
औषधि निरीक्षक अनिल कुमार आनंद ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। तीनों को लेकर पुलिस ने राजारामपुर में एक कंपनी का निरीक्षण किया। इस दौरान फैक्टरी परिसर से ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, 85.5 ग्राम संदिग्ध अल्प्राजोलाम टैबलेट, 749.5 ग्राम संदिग्ध अल्प्राजोलम टैबलेट मिली। इसके अलावा, 27.35 किलोग्राम स्टार्च पाउडर भी बरामद किया।
मौके से बरामद समस्त सामग्री एवं फैक्टरी को टीम ने सील कर दिया। साथ ही आरोपी राजीव शर्मा एवं मोहित गुप्ता के हस्ताक्षर कराकर सामग्री को कब्जे में लिया गया। जांच के लिए दो टैबलेट एवं एक स्टार्च का सैंपल भी लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। फिलहाल कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।










