अल्मोड़ा (उत्तराखंड)। जिला अस्पताल में अवैध जन औषधि केंद्र का भंडाफोड हुआ है। पंडित हर गोविंद पंत जिला अस्पताल में स्थित जन औषधि केंद्र बिना लाइसेंस के चलाया जा रहा है। इस बात का खुलासा जिलाधिकारी अंशुल सिंह के औचक निरीक्षण के दौरान हुआ। उन्होंने अस्पताल की साफ सफाई में खामियां पाए जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह है मामला

डीएम अंशुल सिंह जिला अस्पताल का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चल रहे जन औषधि केंद्र का लाइसेंस समाप्त हो चुका है। इसके लिए सरकार से अनुमति नहीं लेने तक जन औषधि केंद्र को नहीं चलाया जाएगा। तब तक इसका संचालन पीएमएस की निगरानी में चलेगा।

अस्पताल में साफ सफाई नहीं होना पाया गया। इसके लिए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि शौचालयों की नियमित और समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए। अस्पताल परिसर में गंदगी फैलाने वालों पर कड़ा जुर्माना लगाया जाए। डीएम ने बताया कि अस्पताल में अनेक जांचे होती हैं। दूर-दूर से लोग यहां उपचार के लिए आते हैं। रिपोर्ट देर में मिलने से लोगों को परेशानी होती है। रिपोर्ट को लेने के लिए दोबारा लोगों को आना पड़ता है। इसलिए जल्द एक ऐसा सिस्टम बनाया जायेगा कि रिपोर्ट लोगों को उनके मोबाइल में ही उपलब्ध हो जाए।

इस दौरान डीएम ने अस्पताल के औषधि वितरण कक्ष, जन औषधि केंद्र, स्टॉक रजिस्टर आदि की भी जानकारी ली। दवाओं की उपलब्धता में किसी भी स्तर पर कोताही न बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।