बरेली (उप्र)। अवैध ऑक्सीजन कारोबार का भंडाफोड़ कर 31 सिलेंडर जब्त किए हैं। मेडिकल ऑक्सीजन सिलिंडर में औद्योगिक ऑक्सीजन भरकर बेचने का मामला सामने आया है। औषधि निरीक्षक अनामिका अंकुर जैन ने दुकान से 31 सिलिंडर बरामद किए हैं। आरोपी शफीक उर्फ बबलू के खिलाफ बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
यह है मामला
औषधि निरीक्षक ने बताया कि ठिरिया निजावत खां में कादरी मस्जिद के पास अमृत गैस सर्विस पर छापा मारा था। सीबीगंज जौहरपुर स्थित अमृत गैस के लाइसेंस का प्रयोग कर अवैध रूप से ऑक्सीजन सिलिंडर की बिक्री की जा रही थी। दुकान मालिक शफीक खां उर्फ बबलू मौके पर नहीं आया। बबलू औद्योगिक ऑक्सीजन को मेडिकल सिलिंडरों में भरकर बेच रहा था।
औषधि निरीक्षक ने पुलिस को बताया कि इससे मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती थी। मेडिकल ऑक्सीजन शुद्ध होती है। औद्योगिक ऑक्सीजन की शुद्धता पर विश्वास नहीं किया जा सकता। आरोपी बबलू ने लोगों को गच्चा देने के लिए सिलिंडर के रंग भी बदल दिए थे। उसकी तलाश की जा रही है।










