धमतरी (छत्तीसगढ़)। डॉक्टरी की पर्ची बिना कफ सिरप बेचने वाला मेडिकल स्टोर सील किया है। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राहक बनकर कार्रवाई को अंजाम दिया। बिना डॉक्टर की पर्ची के बेची जा रही नशीली कफ सिरप को जब्त किया। रेड के बाद शहर के मेडिकल कारोबारियों में हडक़ंप मचा हुआ है।
यह है मामला
आमातालाब रोड स्थित सुश्रुता मेडिकल स्टोर में बिना वैध पर्ची के नशीली कफ सिरप बेचने की शिकायत मिल रही थी। इस पर ड्रग विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रेड की। जांच टीम ने एक शख्स को ग्राहक बनाकर मेडिकल स्टोर भेजा। यहां से प्लेनोकॉफ कफ सिरप की 8-9 बोतलें बिना पर्ची के बेच दी गई( पुष्टि होते ही अधिकारियों ने मौके पर दबिश दी और स्टोर को सील कर दिया।
कांकेर पुलिस को एक युवक के पास से प्लेनोकॉफ सिरप मिला था। इसमें कोडीन पाया गया। जांच में सामने आया कि इस सिरप की खरीद धमतरी के सुश्रुता मेडिकल से की गई थी। कोडीन युक्त दवाओं का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है। इसकी बिक्री बिना डॉक्टर की लिखित पर्ची के प्रतिबंधित है। टीम ने धमतरी के एक होलसेल मेडिकल स्टोर में भी पहुंचकर स्टॉक का सत्यापन किया। सप्लाई चेन की जांच शुरू की।










