चंबा (हिमाचल प्रदेश)। ऑनलाइन नकली दवाएं बेचने का भंडाफोड़ हुआ है। दिमागी बीमारी की नकली दवाई बनाकर ऑनलाइन बेची जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले का पर्दाफाश किया है। मुंबई में नकली दवाई बनाकर प्रेगाबलिन का ठप्पा लगाकर चंबा में बेची जा रही थी। इसका खुलासा उस समय हुआ, जब संबंधित कंपनी को विभाग ने नोटिस निकाला।
इसकी जांच के लिए ड्रग इंस्पेक्टर ने कंपनी की फैक्टरी में जाकर पकड़ी गई दवाई की जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि दवाई उस कंपनी ने बनाई ही नहीं थी। कंपनी का ठप्पा इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके बारे में कंपनी को भी कोई भनक नहीं थी। इस दवाई को मुंबई से चंबा ऑनलाइन दवा बेचने वाले यूपी निवासी मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपने चार अन्य साथियों का जिक्र किया है। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है।
यह है मामला
दिसंबर में ड्रग इंस्पेक्टर लवली ठाकुर ने जुलाहकड़ी निवासी हरमीत को बिना बिल की दवाई के साथ पकड़ा था। उसने दवाई ऑनलाइन मुंबई से मंगवाई थी। इसमें प्रेगाबलिन के 750 कैप्सूल शामिल थे। विभाग ने इस मामले में जांच की। पता लगा कि मुंबई से मोहम्मद अहमद बिना बिल दवाई लेकर आगे भी बिना बिल बेच रहा था। मनीष कपूर, राज्य दवा नियंत्रक ने बताया कि कूरियर से आरोपी चंबा में नकली दवाई भेजता था। अब तक उसने कहां-कहां यह दवाई बेची है, इसका भी पता लगाया जा रहा है। मुंबई से नकली दवाई बनाकर बेचने वाले व्यक्ति को पकड़ा गया है। इस मामले में विभाग हर पहलू पर जांच कर रहा है।










