लखनऊ (उप्र)। अवैध अस्पतालों को बंद करने का फिर से आदेश जारी हुआ है। सीएमओ ऑफिस ने बिना पंजीकरण जारी दो निजी अस्पतालों को बंद करने का आदेश दिया है। सीएमओ के रिकॉर्ड में बंद इन अस्पतालों में मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। पंजीकरण न होने तक इनके संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

नर्सिंग होम के नोडल डॉ. एपी सिंह का कहना है कि अब मरीज मिलने पर दोनों अस्पतालों को बंद कराया जाएगा। उन्होंने टीम के साथ 17 फरवरी को दुबग्गा के 10 अस्पतालों पर छापा मारा था। मां वैष्णों और इम्पल्स हॉस्पिटल बिना लाइसेंस के चलते मिले रहे थे। बाकी आठ अस्पतालों में भी एमबीबीएस डॉक्टर नहीं मिले थे। साथ ही अन्य मानकों का भी पालन नहीं हो रहा था। टीम नोटिस जारी कर शांत बैठ गई। उधर, मां वैष्णों व इम्पल्स हॉस्पिटल बिना पंजीकरण के चल रहे थे।

मामले में फजीहत के बाद दोनों संचालकों को नोटिस देकर अस्पताल संचालन रोकने के फिर निर्देश दिए। उधर, आरोप है कि अधिकारी अवैध मिले अस्पतालों को वैध करने की तैयारी में जुट गए हैं। जनहित पोर्टल पर इनका आवेदन भी करा लिया गया है।