अलीगढ़ (उप्र)। गलत इंजेक्शन लगाने से मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा कर दिया। बघेल हॉस्पिटल में मरीज को गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि चिकित्सकों ने मरीज को गलत इंजेक्शन दे दिया। इससे मरीज का एक हाथ खराब हुआ। बाद में उसकी मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस टीम ने लोगों को समझाबुझाकर शांत किया। ऋषि कुमार शर्मा का इलाज बघेल हॉस्पिटल में चल रहा था। अस्पताल में ऋषि को कोई इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद उनके हाथ में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई। हालत गंभीर होने पर वरुण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि जब तक बघेल हॉस्पिटल के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। शव अस्पताल के बाहर ही रखा रहेगा। पुलिस के पहुंचने के बाद देर रात तक हंगामा चलता रहा। पुलिस अधिकारियों ने भी परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजन अस्पताल प्रबंधन और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की बात पर अड़े रहे।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई हो सकेगी। बघेल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. उमेश बघेल ने बताया कि मरीज पहले से ही कैंसर से पीडि़त था। परिजन पहले इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए थे। वहां इलाज नहीं मिलने पर बघेल हॉस्पिटल आए थे। इसके बाद दूसरे अस्पताल में ले गए। परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं। सही गलत का फैसला पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर हो जाएगा। आरोप बेबुनियाद हैं।








