अंबेडकरनगर। कफ सिरप और कैप्सूल की अवैध बिक्री पर फार्मा कंपनी का लाइसेंस कैंसिल किया गया है। यह कार्रवाई जलालपुर स्थित न्यू अब्बास फार्मा पर की गई। कोडीन युक्त सिरप की 21630 शीशी और करीब 532 बॉक्स कैप्सूल फर्जी प्रपत्रों पर बेची गई थी।
यह है मामला
जलालपुर स्थित न्यू अब्बास फार्मा फर्म का संचालन नसीम हैदर करता है। न्यू अब्बास फार्मा ने कोडिवा 100 मिली और प्रॉक्सोविन स्पास कैप जैसी कोडीन युक्त दवाइयों की भारी मात्रा खरीदी थी। इनके विक्रय का अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया था। औषधि निरीक्षक की ओर से इनसे अभिलेख मांगे गए थे। फर्म संचालक की ओर से विक्रय अभिलेख प्रस्तुत किए गए।
इसमें अंबेडकरनगर, आजमगढ़ और सुल्तानपुर के 70 से ज्यादा मेडिकल स्टोर्स को बिक्री करने का ब्योरा शामिल था। जांच में मेडिकल स्टोर संचालकों ने शपथ पत्र देकर खरीद न करने की बात कही थी। इस मामले में संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। औषधि निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि फार्मा कंपनी का लाइेंस निरस्त कर दिया है। फिलहाल जांच चल रही है।










