सोनभद्र। अवैध अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मृत्यु का मामला सामने आया है। संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं कोन स्थित अवैध ग्लोबल अस्पताल को सील कर दिया है।

यह है मामला

सोना सिंगा निवासी सीमा पत्नी देवनारायण प्रसव के लिए कचनरवा पीएचसी पहुंची थीं। उन्हें 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन रेफर किया था। एम्बुलेंस के ईएमटी ने मरीज को बिना पंजीकरण वाले ग्लोबल हॉस्पिटल पहुंचा दिया। आरोप है कि ग्लोबल हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मृत्यु हो गई। घटना के बाद संबंधित चिकित्सक मौके से फरार हो गए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच टीम ने अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही, अस्पताल के संचालक नसीम अहमद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।