गाजीपुर (उप्र)। प्रसूता की मौत के बाद निजी अस्पताल बंद कर संचालक फरार हो गया।
जमानियां कोतवाली क्षेत्र में निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। इसे मृतका के परिजनों में हड़कंप मच गया।
महिला ने ऑपरेशन के जरिए जुड़वा बेटा-बेटी को जन्म दिया था। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद संचालक अस्पताल बंद कर कर्मचारियों समेत गायब होन गया। इससे मृतका के परिजनों का गुस्सा भड़क उठा। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुिलस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये है मामला
सब्बलपुर कला गांव निवासी अनिल बिंद के अनुसार उनकी पत्नी वंदना को प्रसव के लिए हेतिमपुर स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां ऑपरेशन के वंदना ने एक बेटा और एक बेटी को जन्म दिया। परिवार में नवजातों के आने की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई।
प्रसव के बाद बिगड़ी हालत
ऑपरेशन के बाद वंदना को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत गंभीर होने पर अस्पताल संचालक उसे वाराणसी के अस्पताल ले गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल संचालक शव को वाराणसी में छोड़कर फरार हो गया। परिजन शव लेकर वापस निजी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल बंद मिला और पूरा स्टाफ गायब था। इससे परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जुड़वा बेटा और बेटी दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। हालांकि मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।










