सिरसा (हरियाणा)। नशीली टेबलेट टैपेंटाडोल की तस्करी पकड़ी गई है। नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पंजाब से तस्करी की लाई जा रही 3.06 लाख टैपेंटाडोल (Tapentadol) गोलियां बरामद की हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

यह है मामला

एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम जगदेव सिंह चौक के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पार्सलों से लदे एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका गया।
वाहन चालक की पहचान राजपाल निवासी सिरसा के रूप में हुई। उसके साथ भारत कुमार उर्फ माइकल भी शािमल रहा। पुलिस को पार्सलों पर संदेह होने पर तलाशी ली गई। मौके पर ड्रग कंट्रोल विभाग के निरीक्षक सुनील कुमार को बुलाया गया। जांच में 10 बक्सों में से 3.06 लाख टैपेंटाडोल टैबलेट बरामद हुईं।

टैपेंटाडोल एक ओपिओइड दवा है। इसका उपयोग दर्द के इलाज में किया जाता है। हालांकि इसका दुरुपयोग नशे के रूप में भी करने की आशंका रहती है। जांच में सामने आया कि यह खेप पंजाब के बठिंडा जिले से लाई जा रही थी। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।