बगहा, बेतिया (बिहार)। मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रेड की गई है। मीना बाजार स्थित सेहत दवाखाना में पुलिस प्रशासन की ओर से छापेमारी की गई। इस दौरान दुकान से चार प्रकार की प्रतिबंधित दवाएं मिली है। सदर एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी।

सेहत दवाखाना में बिना किसी डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित और नशीली दवाएं बेची जा रही थी। इसकी पुष्टि को लेकर एक प्रतिबंधित दवा की खरीदारी कराई गई। दुकानदार ने बिना पर्ची के दवा संबंधित व्यक्ति को बेच दी। जांच के दौरान दुकान के स्टॉक से ऐसी चार अलग-अलग श्रेणियों की दवाइयां मिलीं। इन्हें बिना अधिकृत डॉक्टर की सलाह के बेचा जा रहा था।

जब्त दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े वैध कागजात और पक्के बिल दुकान संचालक से मांगे हैं। संचालक को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय में दवाओं के स्टॉक, बिक्री का पूरा ब्योरा प्रस्तुत करें। यदि संचालक वैध बिल और आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं कर सका तो कार्रवाई होगी।