नारनौंद, हिसार (हरियाणा)। झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक पर छापेमारी का मामला प्रकाश में आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव लोहारी राघो में यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस ने मेडिकल ऑफिसर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
यह है मामला
स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी कि गांव लोहारी राघो में झोलाछाप डॉक्टर क्लीनिक चला रहा है। वह मरीजों का उपचार करके उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने टीम का गठन किया। ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार ने टीम के साथ मौके पर दबिश दी। वहां पर एक मरीज का उपचार करने के लिए ड्रिप लगाई गई थी।
झोलाछाप डॉक्टर गुलशन कुमार अपने क्लीनिक से नदारद था। छापेमारी की सूचना मिलते ही अन्य झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। वे अपने क्लिनिकों पर ताला जड़ कर भाग गए। नारनौंद थाना पुलिस ने गांव लोहारी राघो निवासी झोलाछाप गुलशन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।










