सिरसा (हरियाणा)। अवैध दवा बिक्री रोकने के लिए मेडिकल स्टोरों पर रेड की गई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।

इस अभियान के तहत सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जिलों में एक साथ कार्रवाई की गई। कुल 124 मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। एक मेडिकल स्टोर को नशीली दवा की बिक्री के आरोप में सील किया गया। कई स्थानों पर रिकॉर्ड संबंधी अनियमितताएं भी सामने आईं।

बीते दिन सिरसा जिले में सीएम नायब सिंह सैनी पहुंचे थे। उनके सामने क्षेत्र में नशा बिक्री को लेकर काफी शिकायतें आई थीं। इसके बाद विभाग द्वारा यह कार्रवाई की गई। अभियान के लिए विभिन्न जिलों से कुल 23 औषधि नियंत्रण अधिकारियों की टीम गठित की गई थी। टीम ने तीनों जिलों में एक साथ मेडिकल स्टोरों की जांच की। सिरसा में सिविल अस्पताल के सामने स्थित गोयल मेडिकल हाल नामक फर्म में अवैध नशीली दवा बिक्री पाई गई। ड्रग कंट्रोल अधिकारी रूबी शर्मा ने इसे मौके पर ही सील कर दिया।