रुडक़ी (उत्तराखंड)। प्रतिबंधित दवाओं से भरा बोरा बरामद किया गया है। ड्रग्स विभाग की टीम ने कलियर स्थित एक ढाबे के पीछे से प्रतिबंधित नशीली दवा बरामद की। सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंची थी। टीम ने दवाओं से भरे बोरे को कब्जे में लेकर सील कर दिया। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह है मामला
ड्रग्स विभाग को सूचना मिली कि कलियर के एक ढाबे के पीछे नशीली दवाओं से भरा बोरा पड़ा है। सूचना पर ड्रग्स इंस्पेक्टर हरीश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान ढाबे के पीछे एक बोरा मिला। इसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं भरी हुईं थीं। टीम ने बोरे को कब्जे में लेकर सील कर दिया। मामले में नया मोड़ तब आया, जब विभागीय टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति ढाबे के पीछे बोरा डालते हुए दिखाई दे रहा है। इससे आशंका है कि रंजिश के चलते ढाबा स्वामी को फंसाने के लिए यह हरकत की गई है।
वरिष्ठ ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि बरामद नशीली दवाओं को सील कर दिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात व्यक्ति की पहचान की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी निर्दोष को इस मामले में फंसने नहीं दिया जाएगा।










