फरीदाबाद। प्राइवेट अस्पताल पर रेडकर भ्रूण लिंग जांच का भंडाफोड़ किया है। स्वास्थ्य विभाग ने एनआईटी एक नंबर स्थित लीलावती अस्पताल में छापेमारी की। स्वास्थ्य विभाग को कई दिनों से शिकायत मिल रही थी। अस्पताल में भ्रूण लिंग जांच की बात कही गई थी। टीम ने एक गर्भवती को जांच कराने के लिए भेजा। स्वास्थ्य विभाग की टीम पहले से निगरानी में थी। जांच के दौरान अस्पताल में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर टीम ने छापा मार दिया। मौके से संबंधित लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

अस्पताल का रिकॉर्ड कब्जे में लिया

अस्पताल से जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड भी कब्जे में लिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि पीएनडीटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भ्रूण लिंग जांच पूरी तरह गैरकानूनी है। आरोपी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में लगातार निगरानी की जा रही है।