हापुड़ (उप्र)। प्रतिबंधित नशीली दवा की तस्करी में पंजाब पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है। पटियाला पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के मामले में यह कार्रवाई की। टीम ने बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव उपैड़ा और नूरपुर में छापा मारा। पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर वापस पंजाब लौट गई।

यह है मामला

कुछ लोग प्रतिबंधित टर्माडोल की आपूर्ति पंजाब में कर रहे थे। पटियाला पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से नशीली लोमोटिल नामक दवा की 4050 गोलियां बरामद हुई थीं। इस मामले के तार बाबूगढ़ से जुड़े पाए गए थे। उपनिरीक्षक सुखवंत सिंह अपनी टीम के साथ बाबूगढ़ थाने पहुंचे थे। उन्होंने बाबूगढ़ पुलिस को नशीली दवाओं की तलाश में आने की जानकारी दी।

बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर गई है। आरोपी बुलंदशहर जनपद के गांव खालौर का रहने वाला है। हापुड़ के गांव उपैड़ा में अपने मामा के यहां रह रहा था। देर शाम पंजाब पुलिस की टीम आरोपी के साथ वापस लौट गई।