अगरतला (त्रिपुरा)। प्रतिबंधित कफ सिरप की मालगाड़ी से तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने अगरतला रेलवे स्टेशन पर दिबश दी। बिहार से आई एक मालगाड़ी से 6.54 करोड़ रसे अधिक कीमत का प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया। डीआरआई ने मालगाड़ी से एस्कुफ और फेयरडिल कफ सिरप की 100-100 मिलीलीटर की 55,626 बोतलें जब्त की हैं। इन दोनों कफ सिरप का अक्सर नशे के लिए गलत इस्तेमाल किया जाता है।
जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने खेप को रोका और आरोपी सुब्रत देब को गिरफ्तार किया। बताया गया कि आरोपी खोवाई जिले में एक प्राइवेट बिजनेस फर्म का मैनेजर है। देब कथित तौर पर अगरतला रेलवे स्टेशन पर गैर-कानूनी खेप लेने आया था।
यह खेप बिहार के कटिहार से बुक की गई थी। इसे मालगाड़ी से जुड़ी हाई-कैपेसिटी पार्सल वैन में भेजा गया था। एस्कुफ और फेयरडिल कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड होते हैं। इन दवाओं का अक्सर नशे के रूप में गलत इस्तेमाल किया जाता है। डीआरआई ने मामला दर्ज किया है। नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।










