आगरा (उप्र)। सैंपल की दवाओं की तस्करी पकडऩे में सफलता मिली है। सैंपल की दवाओं के छह कार्टन बरामद हुए हैं। सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि लखनऊ मुख्यालय को सूचना मिली थी। बताया गया कि फव्वारा स्थित दवा बाजार में सैंपल की दवाओं का अवैध कारोबार हो रहा है। इस पर मुख्यालय स्तर से विशेष टीम बनाई गई। टीम ने माहेश्वरी कॉम्प्लेक्स में छापा मारा।

तीसरी मंजिल पर गैलरी में कार्टन रखे हुए थे। आसपास के स्टोर संचालकों से पूछा तो किसी ने दवाओं को अपना नहीं बताया। कार्टन खोले गए तो इसमें एंटीबायोटिक, पेट दर्द और लिवर समेत कई तरह की दवाएं थीं। इसमें स्पासमो प्रॉक्सीवॉन प्लस टैबलेट बिना सैंपल की हैं। इनकी कीमत 3.20 लाख रुपये है। बाकी दवाएं सैंपल की हैं। इन पर नॉट फॉर सेल लिखा है। दवाओं को जब्त कर नमूने लिए गए। दुकानों पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। इससे ये पता चलेगा कि दवाएं लेकर कौन आया है।

बरामद दवाओं में से एक बिना सैंपल की है। छापा पड़ते ही दवा बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार मेडिकल स्टोर और फर्म का शटर बंद कर भाग गए। टीम ने सभी की सूची बनाई है। नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी। संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।