डबवाली, सिरसा (हरियाणा)। मेडिकल स्टोर पर रेड कर प्रतिबंधित दवाओं के साथ युवक अरेस्ट किया है। डबवाली पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। बस स्टैंड के समीप स्थित गंगा मेडिकोज पर छापा मारकर जांच की। यह कार्रवाई एक युवक से बरामद प्रतिबंधित दवाओं के आधार पर की गई। उसने उक्त मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदने का दावा किया था।

पुलिस ने चौटाला निवासी नत्थूराम को डबवाली के रास्ते गिरफ्तार किया। शक के आधार पर उसकी तलाशी ली। उसके पास से 11 पत्ते प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं। इन दवाओं का उपयोग नशे के रूप में किया जाता है। आरोपी युवक ने बताया कि वह यह दवा बस स्टैंड के पास स्थित गंगा मेडिकोज से खरीदता है। इससे पहले भी दो बार वहां से दवा ले चुका है।

ड्रग कंट्रोल ऑफिसर सुनील मेहला पुलिस टीम के साथ गंगा मेडिकोज पहुंचे। मेडिकल स्टोर के रिकॉर्ड व दवाओं की जांच शुरू की। टीम ने दुकान के स्टॉक, खरीद-बिक्री रजिस्टर और संबंधित दस्तावेज की जांच की। हालांकि, दुकान से प्रतिबंधित दवा या संदिग्ध स्टॉक बरामद नहीं हुआ।

आरोपी युवक ने पहले पैसे दिए, बाद में उसे दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। दूसरी ओर गंगा मेडिकोज के संचालक रवि ने आरोपों को नकारा है। उनका कहना है कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है।