बंडा, शाहजहांपुर (उप्र)। बिना डॉक्टर चल रहे अस्पताल को सील कर नोटिस चस्पाया गया है। कस्बा बंडा में अवैध रूप से चल रहे एक अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया।
यह है मामला
डिप्टी सीएमओ डॉ. बी.के. वर्मा ने ए.के. यूनिटी हॉस्पिटल की जांच की। यहां न तो कोई डॉक्टर मिला और न ही संचालक मौजूद थे। हॉस्पिटल में चार मरीज भर्ती थे और कोई चिकित्सक नहीं था। वहीं, एक्सपायर और जेनरिक दवाएं भी पाई गईं। डॉ. वर्मा ने एक मरीज को एम्बुलेंस से सीएचसी बंडा भिजवाया। तीन मरीज निजी वाहन से अस्पताल छोडक़र चले गए। इसके बाद अस्पताल को सील कर नोटिस चस्पा कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि कस्बे में कई अवैध अस्पताल हैं। इनका न तो रजिस्ट्रेशन है और न ही योग्य डॉक्टर। ये केवल दाई के सहारे संचालित हैं। आए दिन यहां प्रसूताओं की मौत की घटनाएं होती रहती हैं। शनिवार तडक़े इसी अस्पताल में प्रसूता की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया था। इसके बाद संचालक फरार हो गया था। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि कई अवैध अस्पतालों को पहले भी नोटिस दिया था। इनका संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अब ऐसे अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।