रामपुर (उत्तर प्रदेश)। कोडीनयुक्त सीरप की अवैध बिक्री में दो भाइयों को जेल पहुंचाया गया है। क्राइम ब्रांच ने दवा विक्रेता दो भाइयों उसमान और दानिश के खिलाफ चार्जशीट लगा दी है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने करीब 42 लाख की कोडीन युक्त सीरप को बिना बिल के बेचा था।
दोनों भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इनमें एक उस्मान खां उर्फ नाजिश ने मैसर्स बाबी एजेंसी के नाम से दवा दुकान का लाइसेंस लिया था। उनके भाई उमर खान उर्फ दानिश मैसर्स केयर एजेंसी का लाइसेंस लिया था। दोनों भाइयों का थोक का लाइसेंस था।
दोनों भाइयों को औषधि विभाग ने नोटिस भेजकर खरीद व बिक्री का रिकार्ड मांगा था। रिकार्ड न देने पर दोनों भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बाद में इस मुकदमे की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी। छह फरवरी को दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
निरीक्षक अजय वीर सिंह ने बताया कि दोनों भाइयों के मुकदमों की जांच पूरी हो गई है। दोनों में चार्जशीट लगा दी है। पता चला कि दोनों भाइयों ने सीरप की खरीद तो बिल से की थी, लेकिन बिक्री बिल पर नहीं की।उमर ने कोडीन सीरप की 29 हजार बोतलें बेचीं। इसकी कीमत 16.82 लाख है। उस्मान ने करीब 25 लाख कीमत के 42 हजार बोतले बेची।










