सतना (मप्र)। नशीली कफ सिरप की तस्करी में कार सवार दो अरेस्ट किए हैं। पुलिस ने एक कार से 96 हजार रुपये से अधिक का नशीला कफ सिरप जब्त किया है। एक ऑटो को टक्कर मारकर भाग रही इस कार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह है मामला
चित्रकूट रोड पर ठाडी-पाथर के पास एक तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम ने घेराबंदी कर कार को कोठी के पास रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर एक बोरी में 478 शीशी नशीला कफ सिरप बरामद हुआ। जब्त सिरप की कीमत 96 हजार 317 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कार चालक मोहम्मद खुर्शीद और निखिल राजवानी से सिरप की खरीद संबंधी दस्तावेज मांगे। वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर पाए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे यह खेप अवैध रूप से उत्तर प्रदेश से सतना में बेचने के लिए ला रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। लगभग 12 लाख रुपये की कार को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।










