विदिशा (मध्यप्रदेश)। पोलियो की खुराक लेने के बाद दो छोटे बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। स्वासथ्य विभाग ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। ये घटनाएं विदिशा और झाबुआ जिलों में हुई। परिजनों ने पोलियो की खुराक को बच्चियों की मौत की वजह बताया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन दावों को खारिज किया है। कहा है कि पोलियो ड्रॉप्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। विदिशा जिले के ग्राम मैनखेड़ी में अनिल की बेटी मानसी को पोलियो खुराक दी गई थी। दोपहर में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएमएचओ डॉ. रामहित कुमार ने बताया कि पोलियो ड्रॉप्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

बूथ पर मानसी के अलावा 44 अन्य बच्चों को भी दवा पिलाई गई थी। इनमें मृत बच्ची की चार वर्षीय बड़ी बहन महक भी शामिल है। सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया है। विसरा जांच के लिए भेजा गया है।

दूसरी घटना झाबुआ के ग्राम उमरिया सालम की है। यहां 11 माह की पूजा को पोलियो की खुराक दी गई थी। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सीएमएचओ डॉ. एमएल चोपड़ा ने बताया कि जिस वायल से पूजा को खुराक दी गई थी, उसी से 19 अन्य बच्चों को भी दवा पिलाई गई थी। सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।