हंडिया, प्रयागराज (उप्र)। प्राइवेट अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत पर हंगामा का समाचार है। प्रयागराज के सराय इनायत थाना क्षेत्र में आरके हॉस्पिटल में महिला की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई। यह महिला की दूसरी डिलीवरी थी और इसमें एक बेटी का जन्म हुआ।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। स्टाफ द्वारा ब्लड चढ़ाए जाने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। इसके चलते उसकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। घटना के बाद अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया।
हॉस्पिटल के गेट बंद कर दिए गए। मृतक महिला के पति अजीत कुमार ने थाने में अस्पताल संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का कहना है कि यह अस्पताल बिना लाइसेंस के अवैध रूप से चल रहा था। पहले भी इस अस्पताल के खिलाफ कई शिकायतें की गई थीं। इसके बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिवार ने जिला प्रशासन से अवैध अस्पताल को बंद करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।उधर, अस्पताल संचालक ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है।