ग्वालियर (मध्य प्रदेश)। बच्चे की दवा में कीड़े मिलने का सनसनीखेज मामाला प्रकाश में आया है। ग्वालियर के अस्पताल में दवाओं का पूरा स्टॉक सील कर दिया गया है।
यह है मामला
बच्चों की मौत के बाद दवाओं की गुणवत्ता पर फिर सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला जिले के मुरार स्थित सरकारी अस्पताल का है। यहां एंटीबायोटिक Azithromycin की बोतल में कीड़े मिले है। यह वही दवा है जो आमतौर पर बच्चों को संक्रमण में दी जाती है। मुरार की एक महिला ने शिकायत की कि उसके बच्चे को अस्पताल से मिली एंटीबायोटिक दवा की बोतल में कीड़े हैं। महिला जब यह खुली बोतल लेकर अस्पताल पहुंची तो स्वास्थ्यकर्मियों के बीच हडक़ंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई।
अस्पताल में मौजूद इस दवा के सभी 306 बोतलों को जब्त कर लिया गया। ड्रग इंस्पेक्टर अनुभूति शर्मा ने बताया कि फिलहाल इसे जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। कुछ सैंपल कोलकाता स्थित सेंट्रल ड्रग लैब में भी भेजे जाएंगे ताकि गुणवत्ता की पूरी जांच हो सके। शुरुआती जांच में कई बोतलों में कीड़े नहीं पाए गए हैं। विभाग ने कहा है कि बिना लैब रिपोर्ट के किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। फिलहाल अस्पताल में Azithromycin सभी खेप को उपयोग से रोक दिया है।










