कैथल (हरियाणा)। प्रतिबंधित बुप्रेनोरफिन टैबलेट व 333 ग्राम नशीला मिश्रण बरामद हुआ है। थाना चीका पुलिस ने एक नशा तस्कर को भी काबू किया है। आरोपी युवाओं को नशे के इंजेक्शन तैयार कर बेचने का अवैध कारोबार करता था।

यह है मामला

थाना चीका एसएचओ एसआई प्रवीण कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली। पता चला कि तरुण निवासी सीवन प्रतिबंधित बुप्रेनोफिने गोलियों का अवैध कारोबार करता है। अभी वह सिल्वर कॉलोनी चीका क्षेत्र में मादक पदार्थ सहित मौजूद है। सूचना के तहत पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक युवक तेज़ी से जाने लगा।

पुलिस ने घेराबंदी कर उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान तरुण के रूप में बताई। तलाशी के दौरान तरुण के पॉलिथीन बैग से बुप्रेनोफिने तथा नालॉक्सोन टेबलेट्स की 70 गोलियां िमली। एक प्लास्टिक की बोतल में 333 ग्राम नशीला मिश्रण भी बरामद हुआ।

आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पशुओं को लगाए जाने वाले फिनारामीने मेलट इंजेक्शन में नशीली गोलियां घोलकर मिश्रण तैयार करता है। उससे इंजेक्शन बनाकर नशा करने वाले युवकों को बेचता है। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर ने बरामद दवाओं को प्रतिबंधित बताया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी काे कोर्ट से 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।