काकोरी (लखनऊ)। ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की खेप के साथ युवक गिरफ्तार किया गया है। प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है। एसटीएफ, ड्रग्स विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। एक युवक के पास से करीब 16 लाख के ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बरामद किए हैं।
यह है मामला
सब इंस्पेक्टर फैजुद्दीन सिद्दीकी अपनी टीम के साथ काकोरी क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की खेप ला रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने करीमाबाद नहर पुल अंडरपास के पास दबिश दी। मौके पर पहुंचकर बाइक सवार युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पांच बोरियों में कुल 504 बोतल आक्सीटोसिन इंजेक्शन बरामद हुए। टीम ने आरोपित से दवा के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेज मांगे।
वह कोई वैध कागज नहीं दिखा सका। गिरफ्तार युवक की पहचान रहीमाबाद निवासी रेहान के रूप में हुई है। बरामद इंजेक्शन की कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि यह प्रतिबंधित दवा कहां से लाई गई थी।










