कफ सिरप की 1200 से अधिक बोतलों समेत दो गिरफ्तार, जेल भेजे

क्योंझर। आबकारी विभाग ने एक घर पर रेड कर प्रतिबंधित कफ सिरप की 1200बोतलों को बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। जब्त कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गयी है।

घर में रखी थी अवैध सिरप

आबकारी विभाग को प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध भंडार की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने क्योंझर जिले के जोड़ा पुलिस सीमा के अंतर्गत डिमू हटिंग क्षेत्र में छापामारी की। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने एक घर से प्रतिबंधित कफ सिरप की 1,200 से अधिक बोतलें जब्त कीं। इस दौरान स्थानीय पुलिस बल भी साथ रहा।

कोडीन फॉस्फेट आधारित था सिरप

उत्पाद शुल्क विभाग के मोबाइल दस्ते ने गुप्त जानकारी के आधार पर दिमू हटिंग क्षेत्र के कुनी स्वैन के घर पर संयुक्त छापेमारी की। इसके लिए क्योंझर जिले में जोडा, चंपुआ, झुमपुरा, बारबिल और क्योंझर सदर के आबकारी पुलिस स्टेशनों के कर्मचारियों का भी सहयोग लिया गया। टीम ने जोड़ा पुलिस सीमा के अंतर्गत 1,230 कोडीन फॉस्फेट आधारित प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया।

मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

उत्पाद विभाग ने आरोपी कुनी स्वैन और मुख्य आरोपी मोहम्मद इशपाक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। जब्त की गई कफ सिरप की बाजारी कीमत 2.5 लाख रुपये बताई गयी है।